फतेहपुर। देवीगंज ओवरब्रिज के नीचे अतिक्रमण के कारण पार्किंग की समस्या खड़ी हो गई है। पार्किंग न होने के कारण देवीगंज बाजार ठंडा पड़ता जा रहा है। ग्राहक वाहन खड़े करते हैं तो सर्विस लेन आवागमन बाधित हो जाता है। ऐसे में दुकानों में आने वाले खरीदार बिदक रहे हैं।
देवीगंज क्रासिंग से लेकर अशोक नगर बस स्टैंड तक सड़क के दोनों तरफ बाजार है। ओवरब्रिज के नीचे दोनों पटरियों पर बड़ी तादाद में दुकानें हैं। कुछ दिन पहले तक लोग वाहन ब्रिज के नीचे खड़ा कर दुकानों में खरीदारी करते थे, लेकिन धीरे-धीरे लोगों ने ब्रिज के नीचे निर्माण सामग्री डंप कर दिया है। कुछ लोगों ने गुमटी रखकर दुकानें सजा ली हैं। कंडम वाहन खड़ा कर ओवरब्रिज के नीचे की जमीन पर वाहन पार्किंग के स्थान पर कब्जा कर लिया है। ऐसे सर्विस लेन के बाजार में पार्किग की व्यवस्था खत्म हो गई है। ऐसे में पूरा दिन दुकान ग्राहकों की बाट जोहते रहते हैं। गिने चुने ग्राहक ही पहुंच रहे हैं।
ईओ नगर पालिका परिषद मीरा सिंह का कहना है कि शहर में अतिक्रमण हटाने की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। एक साल पहले की स्थिति बहाल करने के लिए नगर पालिका ने तैयारी पूरी कर ली है। जेसीबी खराब होने के कारण अतिक्रमण अभियान स्थगित है। जेसीबी बनकर गने के बाद एक साल पहले की स्थिति बहाल की जाएगी। कोई भी अस्थायी, स्थायी अतिक्रमण नहीं बचेगा।