अल्लीपुर (फतेहपुर)। पति की पिटाई से क्षुब्ध होकर जहर खाने वाली महिला की गुरुवार की रात कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मलवां थाना क्षेत्र के उमरगहना निवासी रामसागर उर्फ पप्पू के पीटने से क्षुब्ध होकर पत्नी अनीता (39) ने मंगलवार शाम जहरीला पदार्थ खा लिया था। गांव के लोगों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। डाक्टर ने कानपुर लेकर जाने की सलाह दी थी। शराब के नशे में पप्पू ने हंगामा कर दिया था। कई घंटे बीतने के
बाद मायके पक्ष के लोग पहुंचे। वह लोग महिला को कानपुर ले गए थे। एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान महिला की गुरुवार रात मौत हो गई। परिजन शव लेकर थाने आए। पुलिस ने पति की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की। उधर, अनीता के पिता गाजीपुर थाने के इंद्रो निवासी श्याम लाल ने बताया कि
बेटी के तीन बेटे गोलू, विनोद और एक छह माह का बच्चा है। एक बेटी रिंकी है। चारों बच्चों में सबसे बड़ा गोलू 12 साल का है। उसकी बेटी को धान काटने न जाने पर दामाद ने पीटा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करेंगे। एसओ राजीव सिंह ने बताया कि सूचना पर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की गई है। मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर आई तो कार्रवाई होगी।