खागा में शौंचालय निर्माण का विरोध करते लोग
- फोटो : FATEHPUR
नगर पंचायत किशनपुर के वार्ड नंबर छह में पीपल के नीचे शौचालय बनाने की सूचना पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
लोगों का कहना है कि यहां हर साल धार्मिक अनुष्ठान होता है। ऐसे में पेड़ के नीचे शौचालय बनाना गलत है। लोगों ने नगर पंचायत के इस फैसले का विरोध किया है।
अहिराना बहिराना में सड़क किनारे पांच सीट का शौचालय बनाने की योजना है। इसके तहत कर्मचारियों ने सड़क किनारे पैमाइश की।
जहां शौचालय की नींव रखी जानी है, उसके ठीक बगल में विशाल पीपल का पेड़ है। शनिवार की सुबह जब लोगों को इसकी खबर लगी तो वे पहुंचे और नगर पंचायत के इस फैसले का विरोध किया।
ईओ अजय पांडेय ने बताया कि जिस जमीन पर निर्माण किया जाना है वह ग्राम समाज की है। वार्ड सभासद और लेखपाल की मौजूदगी में जमीन चिह्नित की गई है। पांच लाख रुपये से शौचालय बनना है।
इसका बेवजह विरोध किया जा रहा है। जहां निर्माण हो रहा है, वहां पर ही काफी गंदगी रहती थी। मोहल्ले के अजय यादव, राजेश यादव, बउवा यादव, कल्लू यादव का कहना है कि शौचालय किसी दूसरी जगह पर भी बन सकता है।
पीपल के पास तीन और पेड़ हैं। यहां पर रोजाना लोग जल अर्पित करते हैं। साल भर में एक बार यहां अखंड रामायण का पाठ होता है। इससे यहां शौचालय बनाया जाना अनुचित है