जाफरगंज। थाना क्षेत्र के सरैयां गांव में शुक्रवार रात करीब 11 बजे बदमाशों की आहट की खबर फैलते ही ग्रामीण सतर्क हो गए। लोगों ने शोर मचाया और लाठी-डंडे लेकर बाहर निकल आए।
सूचना तेजी से खूंटाझाल, श्यामपुर और मऊदेव गांवों में भी फैल गई। गांव के लोग पूरी रात जंगलों में पुलिस के साथ बदमाशों की तलाश में जुटे रहे। कोई मौके पर नहीं मिला। कई घंटे की छानबीन के बाद पुलिस लौट गई।
ग्रामीणों ने बदमाशों के छिपे होने की आशंका में 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी और स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगलों में घंटों तलाश की, लेकिन कोई संदिग्ध नहीं मिला।
घटना के दौरान महिलाओं और बच्चों को घरों में ही रहने को कहा गया। दहशत का माहौल रातभर बना रहा। ग्रामीणों ने सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
थानाध्यक्ष धनंजय सरोज ने बताया कि ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की जा रही है। बिना ठोस जानकारी के पुलिस को सूचना नहीं देने की बात कही। बदमाशों की चहलकदमी को अफवाह बताया।