प्रेमनगर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौंती गांव निवासी अनुसूचित जाति के युवक के नाम पट्टे की जमीन को भू-माफियाओं ने धोखाधड़ी करके दूसरे गांव की रहने वाली पिछड़ी जाति की महिला के नाम वरासत करा दी। पीड़ित अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अभी तक उसे न्याय नहीं मिला है।
मोहम्मदपुर गौंती निवासी रोशन निर्मल ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पिता का नाम मैकू तथा बाबा का नाम शिवमंगल है। ग्रामसभा के ही दरियापुर की रहने वाली लोधी बिरादरी की सुखिया के पिता का नाम मैकू और बाबा का नाम भी शिवमंगल है, उसकी शादी हो चुकी है। रोशन ने बताया कि पिता के नाम पर दो फरवरी 1976 में गाटा संख्या 4943 में 18 बिस्वा तथा गाटा संख्या 4941 में 17 बिस्वा कुल एक बीघा 15 बिस्वा पर कृषि पट्टा हुआ था। पिता और बाबा के नाम एक समान होने पर भूमाफियाओं ने इसका फायदा उठा लिया। उन्होंने महिला को लालच देकर उसकी पट्टे की जमीन को एक विकलांग व्यक्ति के नाम बैनामा करा दिया। इसके बाद कृषि पट्टे की जमीन पर प्लाॅटिंग करा दी गई। पीडि़त अधिकारियों के यहां चक्कर लगा रहा है।