फतेहपुर। नहर कालोनी में नौवें दिन भी ठगी पीड़ित का धरना प्रदर्शन जारी रहा। रविवार को पटेल नगर व पत्थरकटा चौराहे पर जाम की धमकी के बाद अधिकारी पहुंचे और आश्वासन दिया।
चिटफंड कंपनियों से ठगी के शिकार निवेशकों का नौवें दिन भी धरना जारी रहा। इस दौरान उन्होंने ठगी करने वाली चिटफंड कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी की। शासन-प्रशासन की तरफ से कोई आश्वासन न मिलने प्रदर्शनकारियों ने पटेल नगर व पत्थरकटा चौराहा को जाम करने की धमकी दी। इसके बाद सोमवार को नायब तहसीलदार व कोतवाली प्रभारी पहुंचे और उच्च अधिकारियों तक पीड़ितों की बात पहुंचाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद भी ठगी पीड़ितों ने मांगों को लेकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिलाध्यक्ष अमृत लाल ने बताया कि सहारा व पल्स समेत 75 कंपनियों ने 15 लाख निवेशकों का धन लूटा है। निवेशकों का करीब पांच सौ करोड़ फंसा है। जब तक उचित कार्रवाई या सकारात्मक आश्वासन नहीं मिलता तब तक धरना जारी रहेगा। इस मौके पर हरिओम प्रजापति, सतीश कुमार, सूरजदीन विश्वकर्मा सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।