फोटो-11- 13 अप्रैल को प्रकाशित खबर। संवाद
हसवा। आंबापुर-हथगाम मार्ग से मोहम्मदपुर कला गांव को जाने वाली 25 लाख से बनी सड़क के निर्माण में मानकविहीन कार्य की शिकायत की गई। सोमवार को लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सत्यम और अवर अभियंता विकास भारती मौके पर पहुंचे। दोनों अफसरों ने सड़क का निरीक्षण किया। यहां खामियां मिलने पर प्रयागराज की एसके कंस्ट्रक्शन फर्म के खिलाफ जुर्माने की संस्तुति की है।
आंबापुर-हथगाम मार्ग से मोहम्मदपुर कला गांव जाने वाली सड़क की हकीकत को 13 अप्रैल के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सड़क की परत मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। निर्माण कार्य की गुणवत्ता अत्यंत खराब मिली।
अधिकारियों ने कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सड़क को दुरुस्त कर ग्रामीणों को सुरक्षित व टिकाऊ मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा। ग्रामीणों ने निर्माण में अनियमितताओं को लेकर पहले ही काम रुकवाकर विरोध प्रदर्शन किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय सक्रियता बढ़ गई है।
फोटो-11- 13 अप्रैल को प्रकाशित खबर। संवाद