बहुआ। ललौली थानाक्षेत्र के सिधांव गांव में आग लगने से रविवार शाम तीन घरों में रखी नकदी, जेवर समेत गृहस्थी का सामान जल गया। ग्रामीणों और दमकल की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। आग के कारणों का पता नहीं लग सका है। करीब सात लाख के नुकसान की आशंका जताई गई है।
सिधांव गांव निवासी रामगोपाल सविता के छप्पर में आग लगी है। कुछ ही पलों में आग विकराल हो गई और पूरे घर को चपेट में ले लिया। आग पड़ोसी कल्लू प्रजापति के घर में भी पहुंच गई। उसके बाद छेदीलाल प्रजापति का घर भी आग की चपेट में आ गया। तीनों घरों के छप्पर धू धू कर जलने लगे।
ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। हैंडपंप, सबमर्सिबल पंप से पानी की बौछार डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दमकल की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद आग में काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि जल्द आग में काबू पा लिया गया। आसपास कई घर आग की चपेट में आ सकते थे।
रामगोपाल सविता की गृहस्थी जलकर राख हो गई। उनके घर में कोई नहीं था। परिवार रिश्तेदारी में गया था। कल्लू प्रजापति के घर में आग लगने से अनाज,चारपाई कपड़े,भूसा समेत पूरी गृहस्थी जल गई। सबसे अधिक नुकसान छेदीलाल प्रजापति के घर में हुआ है। 10 हजार नकदी,अनाज, कपडे़, बिस्तर,चारपाई, जेवरात जल गए।
उसके बेटे रामकेश उर्फ कल्लू की तीन मई को शादी हुई थी। बहू अनीता देवी के सारे गहने,नकदी, बेड, कूलर अलमारी,कपड़े समेत दहेज का सारा सामान जलकर राख हो गया। तीनों घरों में करीब सात लाख का नुकसान हुआ है।
खागा। सराफा गली रविवार सुबह शार्ट-सर्किट से बिजली का तार टूटकर दुकान की तिरपाल पर गिर गया। इससे लपटें एक घर तक पहुंच गईं। इलाकाई लोगों ने आग पर काबू कर बिजली विभाग को सूचना दी।
सुबह सात बजे शार्ट सर्किट से एलटी लाइन का तार टूटकर अनवर, मुस्तकीम की दुकान के सामने लगी तिरपाल पर गिरा तो आग लग गई। इसके बाद एक मकान के बाहर खिड़की पर लगे फाइबर की शीट भी जल गई। इलाकाई लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर आग पर काबू पाया। (संवाद)