छिवलहा। हथगाम थाना क्षेत्र के सुरजीपुर गांव में गुरुवार की दोपहर कचरे के ढेर में पड़ी चिंगारी ने सात घरों की गृहस्थी जलाकर राख कर दी। फोन करने के बाद भी दमकल मौके पर नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
सुरजीपुर गांव के निवासी भगवानदीन निषाद के घर के बाहर पड़े छप्पर में सबसे पहले आग लगी। हवा चलने के कारण आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने में भगवानदीन की पुत्री नीलू के हाथ-पैर झुलस गए।
घर के अंदर व बाहर रखा अनाज, बाध, मूंज जलकर राख हो गया। बाहर बंधी एक गाय झुलस गई। उसे किसी तरह से बचाया जा सका। पड़ोस में रहने वाले गनेश के घर में भी आग की लपटें पहुंची और उसकी गृहस्थी राख कर दी।
गनेश का 50 हजार रुपये का सामान जल गया। राजाराम रैदास के घर का छप्पर, मूंज सहित 20 हजार का सामान जल गया। सत्य नारायण के घर में आग पहुंची तो उसका बिस्तर, साइकिल, अनाज जल गया। संजय निषाद के घर मेें भी आग लगने से उसका 35 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ।
अर्जुन यादव के घर के बाहर खड़ी बैलगाड़ी, छप्पर, चारपाई, बिस्तर जलकर राख हो गई। राजेंद्र की गृहस्थी भी जल गई। ग्राम प्रधान संतोष ने बताया कि पुलिस व फायर ब्रिगेड को कई बार फोन किया गया लेकिन सिर्फ पुलिस ही पहुंच सकी। पुलिस ने झुलसी नीलू को अस्पताल भेजा।
....
इनसेट-
नहीं मिली मोटर के कमरे की चाभी
प्रधान संतोष यादव ने बताया कि आग बुझाने के लिए गांव में पानी की टंकी चलाने को जब आपरेटर से कहा गया तो उसने बताया कि मोटर के कमरे की चाभी नहीं है। ऐसे में ताला नहीं खुल सका और आग बुझाने के लिए पानी नहीं मिल सका। गांव के सुरेंद्र यादव ने अपना नलकूप चलाया तो पाइप लगाकर आग बुझाई गई।
-
फोटो 4 -
45 बीघा गेहूं की फसल राख
क्रासर-
रास्ता खराब होने से मौके तक नहीं पहुंच सकी दमकल
संवाद न्यूज एजेंसी
चौडगरा/हुसैनगंज। मौहार गांव व हैबतपुर में आग लगने से 45 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। मौहार में
33 बीघा और हैबतपुर में 12 बीघा फसल में आग लगी। किसानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। रास्ता खराब होने की वजह से दमकल की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकी।
मौहार गांव निवासी रमेश प्रसाद मिश्रा की पांच बीघा, अरविंद मिश्रा की दो बीघा, शिवपाल यादव की पांच बीघा, रामपाल की पांच बीघा, महेश सिंह की 10 बीघा, जसवंत सिंह की छह बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हुई है। किसानों ने नहर के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। हवा तेज होने के कारण किसानों की फसल जल गई। दमकल आने के पहले ही आग बुझा ली गई। रास्ता नहीं होने के कारण दमकल गाड़ी नहर की पटरी पर ही खड़ी रही। प्रधान नरेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने में 33 बीघे गेहूं की फसल जली है। राजस्व निरीक्षक को मौके पर पहुंचे। नुकसान का जायजा लिया है। किसानों ने बताया कि गेहूं काटते समय हार्वेस्टर मशीन की चिंगारी से आग लगी है। वहीं, हैबतपुर में गेहूं मड़ाई के अवशेष का भूसा बना रही मशीन से निकली चिंगारी से आग लग गई। कुछ ही पलों में आग विकराल हो गई। आग से पड़री गांव के राम सिंह गोस्वामी, सत्यप्रकाश शुक्ला, नीरज शुक्ला, हैबतपुर के बलराम पाल, मानसिंह का पुरवा के राम सागर, सूरजभान की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों के प्रयास के बाद फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। उधर, मथैयापुर गांव में बिजली तार में शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से समर्थ सिंह की तीन बीघे फसल जल गई।
इनसेट-
तारों के नीचे आने वाली फसल काटने की अपील
खागा। बिजली विभाग के एसडीओ खागा रिंकू सेठ ने किसानों से कहा है कि तारों के नीचे आने वाली फसलें जल्द काट लें। तार के नीचे चार से पांच फीट की चौड़ाई में फसल काट लें। इससे शॉर्ट-सर्किट होने की स्थिति में चिंगारी उनकी फसल पर नहीं गिरेगी। अधिक तापमान के कारण बिजली के तार ढीले हो जाते हैं और तेज हवा चलने पर आपस में टकराते हैं। इससे चिंगारी निकलकर फसल पर गिरती है और आग लग जाती है। अब तक शॉर्ट-सर्किट से सात दिन के अंदर 18 किसानों की फसल जल चुकी है। (संवाद)