फतेहपुर। समलैंगिक रिश्तों में बाधा बनने पर किसान रामसुमेर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहे हत्यारोपी जितेंद्र उर्फ जिद्दी के खिलाफ कोर्ट ने गैरजमानती वारंट जारी किया है। वारंट मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस जल्द ही उस पर इनाम घोषित करने की तैयारी में है।
असोथर थाना क्षेत्र के टीकर गांव निवासी किसान रामसुमेर सिंह की खेत में गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद धारदार हथियार से गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने रामसुमेर की पत्नी रेनू, उसकी महिला मित्र मालती और राजू पासवान को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि रेनू ने मालती के साथ मिलकर 60 हजार रुपये में पति की हत्या की सुपारी दी थी।
हत्याकांड में बहरामपुर निवासी रामप्रकाश उर्फ मद्दू और जितेंद्र उर्फ जिद्दी वांछित थे। रामप्रकाश ने चार फरवरी को आत्मसमर्पण कर दिया था। रामप्रकाश को रिमांड पर पूछताछ के दौरान जितेंद्र उर्फ जिद्दी की मुख्य भूमिका सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से उसका गैरजमानती वारंट जारी कराया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि आरोपी की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसके खिलाफ इनाम घोषित किया जाएगा।