फतेहपुर। मेडिकल कॉलेज में मरीजों को मिल रही सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए रविवार को प्रदेश सरकार की नोडल अधिकारी सारिका मोहन ने डीएम निधि गुप्ता वत्स के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग और इमरजेंसी कक्ष में खामियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी और डीएम ने वार्डों में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सीय उपकरणों की स्थिति और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इस दौरान नर्सिंग कॉलेज, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, ऑडिटोरियम और मेडिकल छात्रावास का भी निरीक्षण किया गया। मेडिकल प्राचार्य राजकुमार मौर्य को शिक्षण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही मेडिकल कॉलेज परिसर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ पवन कुमार मीना समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।