जहानाबाद। प्रतिमा विसर्जन के दौरान रिंद नदी में नहाते समय डूबे अभिषेक (13) का 24 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है। लखनऊ से आई एसडीआरएफ की टीम ने बुधवार देर शाम तक नदी में करीब 20 किलोमीटर तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
नारायणपुर गांव निवासी अरविंद कुमार कानपुर में निजी नौकरी करते हैं। बेटा अभिषेक मंगलवार को साथियों के साथ प्रतिमा विसर्जन के दौरान रिंद नदी पहुंचा था। श्रद्धालुओं का समूह पुराने पुल से पूर्व दिशा में प्रतिमा विसर्जन करने गया था, जबकि अभिषेक अपने साथियों के साथ पुल के पश्चिम दिशा में नहाने चला गया।
ग्रामीणों ने उन्हें नदी में उतरने से मना किया, लेकिन चारों नहीं माने। गहरे पानी में जाने से सभी डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों और निर्माणाधीन पंप कैनाल के कर्मचारियों ने अंगौछे डालकर ईशांत, प्रांशु और अंजेश को बचा लिया, लेकिन गहराई में चले जाने से अभिषेक का पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि नदी किनारे किशोर के कपड़े, मोबाइल और रुपये रखे मिले थे। एसडीआरएफ की टीम मंगलवार शाम से ही उसकी तलाश में जुटी है।