फतेहपुर। पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल के लापता होने के डेढ़ माह बाद भी पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं मिला है। राधानगर पुलिस ने 27 जुलाई को गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने हेड कांस्टेबल की जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मामले की जांच में क्राइम डिटेक्शन टीम को भी लगाया गया है।
प्रयागराज जिले के सोरांव थाना क्षेत्र के उसरही गांव निवासी शंभूनाथ का पुत्र विजय कुमार यादव (39) पुलिस लाइन में तैनात है। वह 12 जुलाई से लापता है। पुलिस का कहना है कि अंतिम बार उसे फतेहपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में देखा गया था।
वह स्टेशन से एक ट्रेन में सवार हुआ था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। हेड कांस्टेबल की तलाश में क्राइम डिटेक्शन टीम प्रयागराज और प्रतापगढ़ पहुंची। टीम ने उसके पूर्व तैनाती स्थलों और परिचितों के बारे में जानकारी जुटाई लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
पुलिस अब उसके कुछ साथियों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि हेड कांस्टेबल की तलाश के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं।