फतेहपुर। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर महिला को घर से निकालने के दौरान तीन तलाक दे दिया। महिला थाना पुलिस ने शनिवार को पति समेत नौ ससुरालीजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर ककरहा निवासी शहाना ने बताया कि उसका निकाह छह नवंबर 2025 को नासिरपीर निवासी मोहम्मद इस्लाम के पुत्र शोएब से हुआ था। निकाह के बाद ससुरालीजन पांच लाख रुपये दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे आए दिन प्रताड़ित किया जाने लगा।
आरोप है कि आठ अगस्त को पति शोएब, सास बिटान, ससुर मोहम्मद इस्लाम, जेठ बीरू, देवर फैसल और ननद आसिया, साजिया, नाजिया व सबीना ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। बिना दहेज लौटने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला थाना प्रभारी संगीता यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।