बहुआ। बाइक से शहर जा रहे युवक को रास्ते में उसके ही भांजे ने साथियों के साथ रोक लिया और डंडों से पीटकर भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ललौली थाना क्षेत्र के खटौली गांव निवासी करन कुमार (25) पुत्र हरि ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह बाइक से बैंक की किस्त जमा करने शहर जा रहा था। रास्ते में गांव के पास ईंट भट्ठे के समीप बरवट गांव निवासी उसका भांजा अनुज तीन बाइकों पर सवार अपने साथियों नागेश, रज्जन और एक अज्ञात युवक के साथ पहुंच गया।
करन के मुताबिक भांजे ने रास्ते में रोककर अभद्रता की। विरोध पर सभी ने मिलकर डंडों से पीट दिया। इससे वह घायल हो गया। पिटाई के दौरान मोबाइल फोन गिरकर टूट गया। हंगामा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।