फतेहपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण, उनके सम्मान के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में बुधवार को पेंशनर दिवस का आयोजन किया गया। प्रशासन और पेंशनरों के बीच संवाद के इस मंच पर वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मानित किया गया वहीं उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अविनाश त्रिपाठी ने अध्यक्षता की। वरिष्ठ कोषाधिकारी योगेश कुमार पांडेय ने समन्वयक की भूमिका निभाई। इस मौके पर सिविल पेंशनर रामराज वर्मा, बेसिक शिक्षा के वरिष्ठ पेंशनर अनंत कुमार तिवारी और श्यामसुंदर शुक्ला को शाल ओढ़ाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही पेंशनर संघों के अध्यक्ष कालीशंकर श्रीवास्तव और रशीद अहमद को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा पेंशनर संघ के अध्यक्ष रशीद अहमद ने राज्य कर्मचारियों की भांति चिकित्सा प्रतिपूर्ति सुविधा उपलब्ध कराने और छठे वेतन आयोग के बकाया भुगतान की मांग रखी। वहीं सिविल पेंशनर संघ के अध्यक्ष कालीशंकर श्रीवास्तव ने पेंशनरों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के साथ ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति की स्वीकृति प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाने की मांग की।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि पेंशनरों की सुविधाओं और अधिकारों से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दाैरान पेंशनरों का स्वास्थ्य परीक्षण भी हुआ और कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड भी बनाए गए। यहां जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, जिला कार्यक्रम अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) आदि मौजूद रहे।