फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर गांव में बेटी की गोली मारकर हत्या करने वाले पिता को पुलिस ने रविवार दोपहर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इधर, ससुरालीजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव का अंतिम संस्कार करने के लिए कानपुर ले गए।
जयसिंहपुर गांव निवासी चंद्रमोहन यादव ने शनिवार सुबह अपनी बेटी स्वाती (20) की लाइसेंसी दोनाली बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड के बाद घर में ताला लगाकर थाने पहुंच कर आत्मसमर्पण कर दिया था।
पुलिस ने हत्यारोपी पिता चंद्रमोहन यादव को रविवार को कोर्ट भेजा, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी चंद्रमोहन के खिलाफ हत्या के अलावा आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने शस्त्र निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी है। इधर, पोस्टमार्टम हाउस में मृतका की मां सुनीता, भाई सौरभ, शुभम, मामा नरसिंह यादव समेत परिवार के लोग पहुंचे।
ससुराल कानपुर सचेंडी थाना क्षेत्र के चकरपुर मंडी सिंहपुर से पति नागेंद्र व अन्य ससुराली भी पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों पक्षों के बीच बात होने के बाद ससुरालीजनों ने शव का कानपुर बिठूर गंगा घाट में अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया।
पोस्टमार्टम पैनल डॉक्टरों की टीम ने किया। पोस्टमार्टम में गोलियों के छर्रे निकले हैं। घटना थरियांव कस्बा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। पुलिस ने परिवार को घर की चाबी सौंपी है।
पुलिस ने एफआईआर में दर्शाया है कि पंचायत चुनाव को लेकर हल्का प्रभारी उपदेश कुमार भ्रमण पर थे। सूचना मिली कि चंद्रमोहन ने बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी है।
वह ससुराल से बुधवार को आई थी। उसकी आम शौहरत ठीक नहीं थी। यह बात चंद्र मोहन आदि लोग बर्दाश्त नहीं कर सके और लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी है।
थाना प्रभारी उपेंद्र नाथ राय ने बताया कि हत्यारोपी चंद्रमोहन को जेल भेजा गया है। बाकी जो भी तथ्य विवेचना में सामने आएंगे उन पर कार्रवाई होगी।
पुलिस ने और लोगों को आरोपी बनाने की छोड़ी गुंजाइश
हत्याकांड के मामले में पुलिस ने और भी आरोपी बनाने की एफआईआर में गुंजाइश छोड़ी है। मामले की विवेचना किसी ओर पुलिस लेकर जाती है, यह आने वाले समय में ही पता लगेेगा।
पुलिस ने एफआईआर में स्पष्ट किया है कि चंद्रमोहन आदि लोग स्वाती की हरकतों को बर्दाश्त नहीं कर सके थे। इन लोगों ने ही लाइसेंसी बंदूक से उसकी गोली मारकर हत्या की है। पुलिस का आदि और इन लोगों के शब्दों का इस्तेमाल करना सब कुछ बयां कर रहा है।