रुपये के लिए मां ने खुद अपनी दो बेटियों के अपहरण के खेल रचा। इस षड़यंत्र में उसका भांजा अपने दोस्त के साथ शामिल हुआ। इतना ही नहीं अपहरण का आरोप भी महिला ने अपने ही बहनोई पर लगाया। यह दावा करते हुए पुलिस ने 16 जून को दो सगी बहनों के अपहरण का खुलासा किया है। पुलिस ने षडयंत्र रचने वाली महिला, उसके भांजे और भांजे के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
मालूम हो कि 16 जून को दो सगी बहनों का अपहरण की बात सामने आई थी और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने इस मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक शहर के चित्रांश नगर निवासी गीता देवी पत्नी चंद्रभान लोधी के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। गीता व चंद्रभान तीन माह पहले जगरूप कुंहार हत्याकांड में जेल से छूटे। गीता ने आवास विकास में अपने परिचित राजेश कुमार से 10 लाख में मकान का सौदा किया। साढ़े चार लाख रुपया तत्काल दिया। बाकी पैसे के लिए राजेश कुमार ने दबाव बनाया तो गीता ने अपने बहनोई इलाहाबाद के मुंडेरा निवासी छत्रपाल से उधारी मांगी। छत्रपाल ने पैसे देने से इनकार किया तो गीता ने उससे रुपये ऐंठने का प्लान बना डाला। इस प्लान में उसने अपने भांजे हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बैरमपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र रामसिंह और उसके दोस्त उन्नाव जिले के भगवंत नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार को शामिल किया। तयशुदा कार्यक्रम के तहत गीता ने अपनी दोनों बेटियों को बहनोई छत्रपाल के घर छोड़ा। फिर 16 जून को उन्हें फतेहपुर भेजने को कहा। छत्रपाल ने दोनों बेटियों को इलाहाबाद के लिए बस में बैठाया। रास्ते में गीता की दोनों बेटियों को धर्मेंद्र ने उतार लिया और उन्हें लेकर उन्नाव चला गया। फिर मोबाइल से गीता और छत्रपाल से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। उधर बेटियों के गायब होने पर छत्रपाल ने इलाहाबाद में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराना चाहा, लेकिन वहां की पुलिस ने गेंद फतेहपुर पुलिस की ओर उछाल दी। इस बीच गीता व उसके भांजे स्थानीय पुलिस का ध्यान बटाने के लिए संपर्क में रहे। पुलिस ने टीमें लगाकर सभी के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया। 21 जून को गीता के मोबाइल पर मोबाइन नबंर 8115266100 व 9935964273 से कॉल आईं। ट्रेस करने पर पता चला कि फिरौती मांगने वाला गीता से बिंदास रहने की बात कह रहा है। साथ ही छत्रपाल की ऐसी की तैसी करने की बात सुनने को मिली। धर्मेंद्र व गीता की भूमिका संदिग्ध पाकर पुलिस ने जाल बिछाया तो दोनों टूट गए। धर्मेंद्र ने लड़कियों को घर पहुंचा दिया, जिसके बाद गीता ने बेटियों के घर आने की जानकारी पुलिस को दी। बेटियों के घर पहुंचने पर पुलिस ने तीनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तो वे टूट गए और पूरे खेल का खुलासा किया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।