फाइल फोटो-16-बेटे शिवांश के साथ मां नीतू। संवाद
फतेहपुर। कल्यानपुर थानाक्षेत्र में हाईवे पर मौहार के पास चचेरी बहन की शादी में शामिल होकर जा रहे बाइक सवार दंपती और उसके बेटे को रविवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। सड़क पर गिरी महिला की ट्रक से कुचल कर माैके पर ही मौत हो गई जबकि बेटे को सीएचसी ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। हेलमेट लगाए होने की वजह से पति की जान बच गई।
ललौली थानाक्षेत्र के ललाैली कस्बा निवासी विकास त्रिवेदी पत्नी नीतू (30) और ढाई वर्षीय बेटे शिवांश के साथ बाइक से शनिवार को औंग थानाक्षेत्र के गोधरौली गांव में चचेरी बहन प्रिया की शादी में गए थे। विदाई के बाद नीतू के भाई पप्पू शुक्ला के यज्ञोपवीत संस्कार में शामिल होने शहर आ रहे थे। बाइक सवार कल्यानपुर थानाक्षेत्र हाईवे पर मौहार के पास पहुंचे थे तभी पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे नीतू बेटे के साथ उछलकर हाईवे पर जा गिरी। वहीं विकास बाइक के साथ डिवाइडर से टकराया।
इसी दाैरान ट्रक चालक महिला को कुचलता हुआ भाग निकला जबकि शिवांश बेसुध पड़ा था। उसके शरीर पर कोई चोट नहीं दिख रही थी। गोपालगंज पीएचसी ले जाने पर डॉक्टर ने शिवांश को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों काे पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। हादसे से विकास और उसकी मां प्रतिमा बेहाल रहीं। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।