फतेहपुर। मलवां ब्लॉक के बड़गांव मजरे अभयपुर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के बैनर से जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल का नाम और फोटो गायब होने पर पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है। वहीं एक अन्य मामले में करसपुर ग्राम पंचायत के सचिव पर लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की गई है। डीएम के निर्देश पर दोनों सचिवों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
14 जुलाई को आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में विधायक राजेंद्र पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम स्थल पर लगे बैनर में उनका नाम और फोटो नहीं था। इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन मानते हुए विधायक ने 15 जुलाई को डीएम को लिखित शिकायत देकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
साथ ही एक सचिव की लंबे समय से एक ही ब्लॉक में तैनाती की भी जांच कराने का अनुरोध किया। शिकायत के बाद डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ रामशंकर वर्मा ने पंचायत सचिव नीलम सिंह को निलंबित कर दिया है। जांच बीडीओ बहुआ को सौंपी गई है। वहीं एडीओ पंचायत कमलेश बहादुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा कार्य में लापरवाही के एक अन्य मामले में करसपुर ग्राम पंचायत के सचिव विक्रम सिंह को भी डीएम के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया है। डीपीआरओ रामशंकर वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही मिलने पर संबंधित सचिवों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।