फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर गुंदापुर मोड़ के पास सोमवार सुबह बाइक सवार बदमाश ई-रिक्शा से स्कूल जा रही शिक्षामित्र का बैग छीनकर भाग गए। वारदात एसएसजी कॉलेज और ठाकुर हरियाणा होटल के बीच हुई।
मौहार गांव निवासी शिवानी पत्नी धर्मेंद्र गुनीर गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। सोमवार सुबह वह ई-रिक्शा से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाश बैग छीनकर भाग निकले। घटना के दौरान शिवानी का फोन सड़क पर गिर गया। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए डायल 112 पर सूचना दी। पीआरवी, चौकी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
शिवानी ने बताया कि बैग में छह हजार रुपये और जरूरी कागजात थे। बताया गया कि बदमाश घटना के बाद फतेहपुर की ओर भागे हैं। पुलिस आसपास के ढाबों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सीओ प्रयांक जैन भी मौके पर पहुंचे और शिक्षामित्र से पूछताछ की। थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि बाइक सवारों की तलाश की जा रही है।