फतेहपुर। जिले के 111 परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों के साथ उनके अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा। 232 से अधिक नामांकन वाले इन विद्यालयों में आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह के लिए प्रति विद्यालय 6500 रुपये की स्वीकृति दी गई है।
232 से अधिक नामांकन वाले 111 परिषदीय विद्यालयों (पीएम श्री विद्यालयों को छोड़कर) का चयन किया गया है। इन विद्यालयों में प्रत्येक कक्षा से पिछली परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक-एक छात्र, सर्वाधिक उपस्थिति वाले एक-एक छात्र तथा खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एक-एक छात्र को सम्मानित किया जाएगा।
साथ ही उन अभिभावकों को भी सम्मानित किया जाएगा जिनके बच्चों ने परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हैं या जिनकी उपस्थिति सबसे अधिक रही है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को लंच बॉक्स, पानी की बोतल, ट्रॉफी, ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, ड्राइंग नोटबुक, कैनवॉस व वाटर कलर, कहानी की किताब और महान विभूतियों के जीवन चरित्र पर आधारित पुस्तकें पुरस्कार स्वरूप दी जाएंगी।
अभिभावकों को शॉल, मोमेंटो और हरित पौधे देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रति विद्यालय 6500 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें 1500 रुपये लाउडस्पीकर और कुर्सियों आदि की व्यवस्था के लिए, 2500 रुपये जलपान के लिए तथा 2500 रुपये पुरस्कार सामग्री के लिए विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में भेजे गए हैं।
बीएसए भारती त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम की जियो टैग फोटोग्राफ्स प्रधानाध्यापकों को एसएमसी मॉड्यूल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना और अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाना है।