वैभव विश्वकर्मा की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। प्रेमिका से परेशान प्रेमी ने बुधवार को जहर खाकर जान दे दी। परिजनों का कहना है कि वे आगरा निवासी युवती के खिलाफ तहरीर देंगे। पुलिस का कहना है कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के लोधीगंज निवासी वैभव विश्वकर्मा (20) बीएससी द्वितीय का छात्र था। वह अपने खर्च के लिए कपड़े के शो रूम में काम भी करता था। मां मिथलेश की आठ साल पहले और पिता महेश की सड़क हादसे में चार साल पहले मौत हो चुकी है। वह बड़े भाई शानू, पियूष के साथ रहता था।
भाई शानू ने बताया कि तीन चार दिनों से वैभव तनाव में था और काम पर भी नहीं जा रहा था। शानू के मुताबिक भाई का आगरा की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों इंस्टाग्राम पर भी बातचीत करते थे। कई बार वैभव आगरा उससे मिलने भी गया था।
युवती ने इंस्टाग्राम में ही खुद के मरने की बात कही थी। इसी बात को लेकर वैभव तनाव में था और उसने जहर खा लिया है। इसके तुरंत बाद युवती ने आगरा से ही बहन शिक्षा के नंबर पर फोन कर वैभव के जहर खाने की जानकारी दी।
शानू ने बताया वह भाई को आत्महत्या के लिए उकसाने की तहरीर पुलिस को देंगे। कार्यवाहक कोतवाल प्रभुनाथ यादव ने बताया कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।