वाहिदपुर गांव में मृतकों के परिजनों से घटना की जानकारी लेते नायब तहसीलदार विकास पांडेय। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
बहुआ। बिजली गिरने से किसान दंपती की मौत हो गई। मंगलवार की शाम दोनों खेत पर मूंग की फसल तोड़ रहे थे। हादसे में उनकी बेटी झुलस गई।
ललौली थाना क्षेत्र के वाहिदपुर गांव निवासी किसान गोरेलाल कुशवाहा (42) पत्नी सुनीता देवी (40) व बेटी अंजू (15) के साथ खेत में मूंग तोड़ रहे थे। शाम को तेज बारिश हुई तो सभी वहां से जाने की तैयारी करने लगे। इसी दौरान खेत के नजदीक बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर गोरेलाल व सुनीता की मौके पर मौत हो गई। अंजू झुलसकर तड़पने लगी।
ग्रामीणों को पता लगा तो वे वहां पहुंचे और अंजू को जिला अस्पताल पहुंचाया। गोरेलाल के दो पुत्र मेघनाथ और अमरनाथ हैं। हादसे की जानकारी पर नायब तहसीलदार विकास पांडेय राजस्व कर्मियों के साथ पहुंचे और घटना की जांच की। एसओ ललौली आलोक कुमार पांडेय ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उन्होंने बताया कि परिवार को चार-चार लाख रुपये का मुुआवजा दैवी आपदा कोष से दिया जाएगा।