खखरेरू (फतेहपुर)। दुकान बंद कर घर जा रहे सराफा कारोबारी को नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे की बट से पीटकर 8.50 लाख रुपये के जेवर से भरा बैग और मोबाइल लूट ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कौशाम्बी की ओर भाग निकले। सीओ के साथ स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की। घायल कारोबारी को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के केशवरायपुर केवटमई निवासी शिवकुमार मौर्य की गेरिया बाजार चौराहे पर सराफा की दुकान है। वह शनिवार शाम करीब छह बजे प्रतिदिन की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। थाना क्षेत्र के ही अंजना कबीर गांव के पास हाजी के ट्यूबवेल के पास पहुंचे थे।
नकाबपोश बाइक सवार तीन बदमाशों ने सर्राफ की बाइक को ओवरटेक किया। इसके बाद तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी देकर बैग छीनने लगे। विरोध पर तमंचे की बट से सर्राफ के सिर पर प्रहार कर दिया। लहूलुहान होने पर बदमाश बैग लूटकर भाग निकले।
राहगीरों की मदद से घायल ने भाई अनिल और पुलिस को खबर दी। भाई अनिल ने बताया कि बैग में करीब एक किलो चांदी के जेवर और करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण थे। सीओ दुर्गेश दीप मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखे लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। सीओ ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पूछताछ में पांच से छह लाख के जेवर लूटने की बात सामने आई है। हालांकि सर्राफ का दावा है कि 8.50 लाख रुपये के जेवर बदमाश लूट ले गए हैं।