फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के चकबबुल्लापुर गांव निवासी युवक शुक्रवार शाम से लापता है। शनिवार को गांव से करीब 500 मीटर दूर नाले में उसकी बाइक, दूध की कैन, चप्पल और फटी टी-शर्ट मिलने से परिजन अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। सीओ थरियांव वीर सिंह और थानाध्यक्ष संजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को विनय उर्फ राजन (22) की चप्पल से करीब 200 मीटर दूर फटी टी-शर्ट मिली। आसपास के कुओं में कांटा डालकर और गेहूं के खेतों में करीब तीन घंटे तक युवक की तलाश की गई लेकिन उसका पता नहीं चला।
पिता रामकिशोर ने बताया कि विनय शुक्रवार रात करीब नौ बजे बाइक से दूध की कैन लेकर छिवलहा कस्बे के लिए निकला था लेकिन वापस घर नहीं लौटा। विनय पिछले तीन वर्षों से दूध और खोया का व्यवसाय करता है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। सीओ ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश जारी है।