फोटो-41-दुकान में घुसकर मारपीट का सीसीटीवी फुटेज। स्रोत: वीडियो ग्रैब
थरियांव। कस्बे के चौराहे पर मोबाइल दुकान में घुसकर नकाबपोशों ने हॉकी और डंडों से दुकानदार पर हमला कर दिया। दुकान में तोड़फोड़ करने के बाद हमलावर बाइक से भाग निकले। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कस्बा निवासी दुकानदार रामबाबू ने पुलिस को बताया कि भारतपुर निवासी सुशील और रॉकी बुधवार को मोबाइल फोन खरीदने दुकान पर आए थे। इसके बाद बृहस्पतिवार को दोनों फोन वापस करने पहुंचे। मोबाइल की पैकिंग खुलने और फाइनेंस पर बिक्री होने के कारण उसने वापस लेने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था।
आरोप है कि विवाद के चलते बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे छह नकाबपोश लोग दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकान में घुसकर दुकानदार के साथ मारपीट की और शीशे तोड़कर तोड़फोड़ कर दी। दुकानदार ने सुशील, छोटू, विपिन, राज समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
फोटो-41-दुकान में घुसकर मारपीट का सीसीटीवी फुटेज। स्रोत: वीडियो ग्रैब