फतेहपुर। एमबीबीएस में आश्रित कोटे से आवंटन प्राप्त करने के लिए नीट-यूजी 2025 में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का फर्जी प्रमाणपत्र लगाने के आरोपी यशराज पुत्र राजेश्वर प्रसाद निवासी बढ़वलिया बलिया के विरुद्ध पांच सितंबर 2025 को बलिया थाने में सदर तहसीलदार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अब विवेचना के लिए यह मुकदमा मलवां थाने स्थानांतरित कर दिया गया है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे से चयनित होने के बाद यशराज को जिले के अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस सीट आवंटित हुई थी। इस बीच किसी व्यक्ति ने महानिदेशक चिकित्सा एवं प्रशिक्षण यूपी से शिकायत की। शिकायत के आधार पर प्रमाणपत्र की जांच के निर्देश बलिया डीएम को दिए गए।
डीएम ने एडीएम की अध्यक्षता में समिति गठित कर सत्यापन कराया। इसमें प्रमाणपत्र और उस पर लगी मुहर दोनों फर्जी पाई गईं। एसडीएम की रिपोर्ट के आधार पर मेडिकल कॉलेज में उसका आवंटन निरस्त कर दिया गया। इसके बाद बलिया सदर तहसीलदार अतुल हर्ष ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मलवां थानाध्यक्ष रमाशंकर सरोज ने बताया कि विवेचना के लिए मुकदमा स्थानांतरित हुआ है और जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी।