फतेहपुर। प्रेम संबंधों के विरोध पर प्रेमी युगल एक साथ फांसी के फंदे पर झूल गए। घटना थरियांव थाना क्षेत्र के सचौली गांव की है। पुलिस ने अमरूद के पेड़ पर लटके दोनों के शव बरामद किए। जान देने वाले राकेश पाल (50) और सावित्री देवी (40) हैं। दोनों सचौली गांव के ही रहने वाले थे। सावित्री के पति सियराम लोधी की करीब पांच साल पहले मौत हो गई थी। राजेश पाल टेंपो चालक था। पुलिस के मुताबिक करीब तीन साल से दोनों में संबंध थे और ये छिपकर मिलते थे। दोनों परिवारों को यह बात रास नहीं आती थी।
विरोध बढ़ने पर सावित्री करीब दो महीने पहले गांव छोड़ अपने मायके थाना असोथर के अभयराजपुर चली गई थी। वह मायके से मंगलवार शाम को निकली थी। इधर राजेश घर से बेटी के लिए रिश्ता खोजने की बात कहकर दोपहर को निकला था। ग्रामीणों ने बुधवार सुबह सचौली गांव के बाहर एक ही साड़ी के फंदों से एक ही पेड़ की एक डाल पर दोनाें के शव लटकते देखे। सावित्री के बेटे गोविंद की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम कराया। सीओ पुर्णेंदु सिंह ने बताया कि दोनों के एक साथ आत्महत्या करने से प्रेम संबंध की बात सामने आई है। गांववाले भी यही बता रहे हैं। परिजन इनके संबंधों से सामाजिक छवि बिगड़ने की बात कहकर विरोध करते थे। इसी से दोनों ने जान दे दी।