फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के अंदौली गांव में एक घर का ताला तोड़कर शनिवार को नकदी समेत दो लाख रुपये के जेवर चोरों ने पार कर दिए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
गांव के गुड्डू विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि वह बहन आरती के साथ बृहस्पतिवार को मौसी की बेटी की शादी में कानपुर गया था। घर में पिता अकेले थे। शनिवार को उसके पिता घर में ताला बंद कर मजदूरी करने चले गए। शाम करीब साढ़े सात बजे लौटने पर बाहर का ताला बंद मिला लेकिन अंदर के सभी ताले टूटे थे।
दीवार फांदकर चोर कमरे में रखी अलमारी से 10 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। चोरी करीब दो लाख रुपये की बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।