फतेहपुर। खाद की दुकानों पर अनियमितताओं को लेकर मंगलवार को क्षेत्रीय उर्वरक निरीक्षकों ने एक साथ छापामारी की। इस दौरान एक दुकान का लाइसेंस निलंबित किया गया जबकि दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही विभिन्न उर्वरकों के 23 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी रविंद्र सिंह के निर्देश पर जिले के सभी उर्वरक निरीक्षकों ने मंगलवार को खाद दुकानों पर एक साथ छापामारी की। इस दौरान दुकानों और गोदामों में मौजूद स्टॉक का पीओएस मशीन से मिलान किया गया। उर्वरकों की गुणवत्ता जांच के लिए 23 नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
उन्होंने बताया कि अशोक ट्रेडर्स मंडासराय के संचालक टीम को देखकर दुकान बंद कर मौके से भाग गए। इसकी वजह से उर्वरक लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। वहीं, हर्षित ट्रेडर्स एंड खाद भंडार, मुराव रोड सचौली और रवि एग्री जंक्शन, हथगाम ने रेट और स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं किया इसलिए दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं से कहा कि उर्वरकों की बिक्री निर्धारित दरों पर ही की जाए। किसानों को रसीद अनिवार्य रूप से दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूरिया या डीएपी के साथ किसी अन्य उत्पाद की टैगिंग न की जाए। शिकायत मिलने और पुष्टि होने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।