फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र में रास्ते में सामान रखने को लेकर शनिवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले और ईंट-पत्थर भी फेंके गए। पुलिस ने रविवार को महिला समेत 18 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
रावतपुर गांव निवासी इंद्रजीत, रामआसरे, रामविशाल, निर्मला, मंजू, गिरजा देवी, लक्ष्मी देवी व दो अन्य और दूसरे पक्ष के बुद्धप्रकाश, नेकराम, सत्यप्रकाश, उमा देवी, किरण देवी, धरमवीर और मधु के बीच शनिवार दोपहर रास्ते में सामान रखने को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए पीएचसी गोपालगंज भेजा।
थानाध्यक्ष दिनेश शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर महिला समेत 18 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।