फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के कलक्टरगंज इलाके में चोरी के इरादे से घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने गृहस्वामी को चाकू से गोद डाला। पत्नी और बेटी को पीटकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों की सूचना पर सीओ सिटी मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने पिता व पुत्री को कानपुर रेफर कर दिया। घायलों के बयान दर्ज करने कोतवाली पुलिस की एक टीम कानपुर के एक नर्सिंग होम गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कलक्टरगंज स्थित अभिलाषा गार्डेन वाली गली निवासी मिथुन उर्फ राहुल चौरसिया वर्मा चौराहा व चौक मार्ग के बीच काफी शॉप चलाते हैं। वह पत्नी प्रिया और एक साल की बेटी वैष्णवी के साथ रहते हैं। तीनों शुक्रवार की रात कमरे में सो रहे थे। मिथुन के पिता शिवशंकर पीलू तले चौराहे के पास स्थित पुराने में सो रहे थे। शिवशंकर ने बताया कि बेटे के घर के आंगन में लगे जाल को खोलकर दो नकाबपोश बदमाश आंगन में कूद गए। इसके बाद बदमाशों ने आंगन में बोरे सुलगा दिए। धुआं होने पर प्रिया को गैस लीकेज होने की आशंका हुई। वह कमरे से बाहर निकली, तभी एक बदमाश ने उसे पकड़ लिया। तमंचा सटाकर मारपीट की। दूसरा बदमाश कमरे में घुस गया। चाकू से मिथुन की पीठ पर कई वार किए। किसी तरह प्रिया बदमाश से अपना हाथ छुड़ाकर भागी, तभी एक बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली बाइक में टायर में लगी। प्रिया के शोर मचाने पर बदमाश मिथुन को मरणासन्न हालत में छोड़कर सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंचे। वहां से गली में कूदकर भाग गए। बदमाश घर से क्या लूटकर ले गए हैं। इस बारे में शिव शंकर कुछ नहीं बता सके हैं। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी डीसी मिश्रा, कोतवाली प्रभारी आनंद प्रकाश शुक्ला घटनास्थल की जांच की। सीओ सिटी ने बताया कि शिवंशकर की तहरीर पर चोरी के विरोध में जानलेवा हमला किए जाने का धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटनास्थल के पास एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैद हुए है। बदमाश रात 1:20 बजे घर में चढ़ते समय कैद हुए हैं। 1: 36 बजे बदमाश मिथुन के घर से निकले हैं। घर से भागते समय बदमाश तमंचा और चप्पल गली में फेंकते और फिर उन्हें उठाते हुए भी कैमरे में कैद हुए हैं। कुछ मिनट में ही बदमाशों ने घटना की है।
बदमाशों का मिथुन की हत्या के इरादे से उसके घर में घुसना माना जा रहा है। पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि वारदात के दौरान चाकू से हमला करने वाले बदमाश अपने साथी से मिथुन को गोली मारने के लिए तमंचा भी मांगा था। बदमाश ने यह कहते हुए तमंचा देने से मना कर दिया था कि एक गोली थी, वह चल चुकी है। इससे साफ होता है कि बदमाशों की नीयत मिथुन को जान से मारने की थी।
घायल राहुल चौरसिया। संवाद- फोटो : FATEHPUR
घायल वैष्णवी। संवाद- फोटो : FATEHPUR