फतेहपुर। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए परिषदीय विद्यालयों में खेलकूद के उपकरण खरीदे जाएंगे। ताकि खेलकूद की गतिविधियों में भी बच्चे ज्यादा से ज्यादा हिस्सा लें। एक करोड़ 44 लाख की लागत से जिले के 2128 स्कूलों में उपकरणों की खरीद होगी। कंपोजिट और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए दस हजार तथा प्राथमिक विद्यालय के लिए पांच हजार का बजट भेजा गया है। 31 दिसंबर तक खेल सामग्री खरीदने के निर्देश हैं। जनवरी के प्रथम सप्ताह में ब्लाकवार गठित कमेटी और दूसरे दूसरे सप्ताह में जिला स्तरीय गठित कमेटी विद्यालयों में जाकर क्रय सामग्री का सत्यापन करेगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय स्कूलों में गुणवत्ता परक शिक्षा के साथ खेलकूद पर जोर देने की तैयारी की है। प्रधानाध्यापकों को प्रत्येक दशा में 31 दिसंबर तक खेल सामग्री खरीदने के निर्देश हैं। सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए ब्लाक और जिला स्तरीय कमेटी गठित हैं। ब्लाक कमेटियां जनवरी के पहले सप्ताह में 25 प्रतिशत स्कूलों में खरीदी गई सामग्री का सत्यापन करेंगी। जनवरी के दूसरे सप्ताह में जिला स्तरीय कमेटी 10 प्रतिशत स्कूलों में जाकर सामग्री की गुणवत्ता का सत्यापन करेगी। इसके बाद रिपोर्ट बीएसए कार्यालय को देंगी।
बीएसए संजय कुशवाहा ने बताया कि भेजी गई धनराशि से आउटडोर और इनडोर खेल सामग्री खरीदी जानी है। क्रय सामग्री की गुणवत्ता में किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। गड़बड़ी करने पर संबंधित शिक्षक से वसूली की जाएगी। जिले में 265 उच्च प्राथमिक, 480 कंपोजिट और 1383 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं।
अभिभावक संघ अध्यक्ष, संबंधित स्कूल का प्रधानाध्यापक सचिव, एक-एक महिला और पुरुष अभिभावक जिनके बच्चे संबंधित स्कूल में पढ़ रहे हों और स्कूल का खेल शिक्षक शामिल होगा। संवाद