फतेहपुर। सिंचाई खंड विभाग में वर्षों से एक स्टोर कीपर कर्मचारी लापता है। स्टोर में रखा हजारों का सामान भी बर्बाद हो गया। विभाग ने वीडियोग्राफी करा कर वर्षों से बंद स्टोर का ताला तुड़वाया व वहां रखे सामान को बाहर निकालकर जांच की। अब जल्द ही लापता स्टोर कीपर पर कार्रवाई की जाएगी। करीब छह घंटे तक स्टोर से सामान निकालने का काम चला।
सिंचाई खंड विभाग में पूर्व में तैनात स्टोर कीपर सुनील शुक्ला करीब चार वर्ष से लापता है। विभाग ने कई बार नोटिस जारी की लेकिन वह हाजिर नहीं हुए। उन्होंने विभाग को स्टोर की चाबी भी नहीं दी है। स्टोर में विभाग से संबंधित पाइप, सीमेंट, दस्तावेज, टीन, अलमारी, बक्सा सहित कई सामान पिछले करीब चार वर्षों से रखा है। मंगलवार को विभाग ने वीडियोग्राफी कराकर स्टोर का ताला तुड़वाया। इस दौरान वहां रखा अधिकतर सामान जीर्णशीर्ण हालत में मिला। दस्तावेज तो पूरी तरह से खराब हो चुके हैं। पूरे दिन चली इस कार्रवाई के बाद वहां नया ताला डाला गया। स्टोर की नई चाबी एसडीओ के सुपुर्द की गई। अधिशासी अभियंता नंदजी गुप्ता ने बताया कि स्टोर कीपर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।