फोटो-31-औंग के शिवराजपुर में आयोजित दंगल में दांव पेच आजमाते पहलवान। संवाद
औंग। थाना क्षेत्र के गंगा तट पर बसे शिवराजपुर गांव में आयोजित दंगल में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी पहुंचे और पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
दंगल में 11 हजार रुपये की मुख्य कुश्ती जिगनी के जुनैद और आलियाबाद के अचल सिंह के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को चित करने के लिए कई दांव आजमाए, लेकिन कोई भी सफल नहीं हो सका। अंत में मुकाबला बराबरी पर छूटा।
वहीं पांच हजार रुपये की कुश्ती में कानपुर के भूरा पहलवान ने इटावा के राहुल को हराया। लालखेड़ा के हंश कुमार ने रायबरेली के आशुतोष को पराजित किया। सगुनापुर के बब्बन यादव ने टिकरा के नरेश को शिकस्त दी।
मुकाबलों के दौरान दर्शक तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे। प्रधान प्रतिनिधि सूरजपाल यादव ने बताया कि गांव में कई वर्षों से प्रतिवर्ष दंगल आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देना और ग्रामीणों को खेल से जोड़ना है।
फोटो-31-औंग के शिवराजपुर में आयोजित दंगल में दांव पेच आजमाते पहलवान। संवाद