लाखों का सोना सस्ते में खरीदने वाले सुनार को उठाया
क्रासर
चोरी के बाद भागे चोरों की लखनऊ, दिल्ली से हुई धरपकड़
स्वाट टीम बीमा अभिकर्ता के घर से लाखों की चोरी के खुलासे के करीब
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर रोड आजाद नगर में 22 मई की रात लाखों की चोरी के मामले में स्वाट टीम खुलासे के करीब पहुंच गई है। पुलिस ने लाखों का सोना साढ़े तीन लाख में खरीदने वाले सुनार को उठाया है। पुलिस घटना के बाद जिला छोड़कर भागे चोरों के भी करीब पहुंच गई है। मामले में पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक की ओर से खुलासा करने वाली टीम को 50 हजार का इनाम देने की घोषणा की गई थी।
आजाद नगर निवासी उपेंद्र सिंह गौतम एलआईसी अभिकर्ता और पूर्व मंत्री के काफी करीबी हैं। चोरी की रात परिवार एक कमरे में सोया था। चोरों ने घटना से पहले बाहर से कुंडी बंद कर दी थी। इसके बाद दूसरे कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर 50 हजार रुपये और लाखों के जेवर चुरा ले गए थे। करीब 25 लाख का सोना, चांदी चोरी हुआ था। बिंदकी पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पाई थी। पूर्व मंत्री ने एसपी प्रशांत वर्मा से खुलासे की मांग की थी। एसपी ने स्वाट और सर्विलांस को जांच में लगाया था। स्वाट टीम ने सर्विलांस की लोकेशन पर लखनऊ और दिल्ली से चोरी के आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर मलवां थाने के अल्लीपुर कस्बे में पुलिस ने छापा मारा। यहां से एक सराफ को उठाया है। खबर है कि सराफ को चोर लाखों के माल सिर्फ साढ़े तीन लाख में बेचकर भाग निकले थे। पुलिस चोरों की धरपकड़ में जुटी है। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।