थम नहीं रहा कहर, 15 और संक्रमित
संक्रमितों की संख्या 262 हुई, 184 लोग हो चुके ठीक, 78 का चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। जिले में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। शुक्रवार को एक साथ 15 नए संक्रमित मिले। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 262 हो गई है। एक्टिव केस की संख्या 78 है और 184 लोग ठीक हो चुके हैं।
शुक्रवार को एसबीआई के एक कर्मी समेत 15 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। सूत्रों की मानें तो स्वास्थ्य विभाग के एक अफसर का रिश्तेदार भी संक्रमित है। इसे थरियांव एल वन कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएम संजीव सिंह ने बताया कि नए मामले सामने आने के बाद संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी। कंटेनमेंट जोन में केवल आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की जाएगी। यह भी कहा कि जो लोग दो गज की दूरी से खिलवाड़ करते मिलेंगे, उनसे कड़ाई से पेश आया जाएगा। एसीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि बैंक मैनेजर के कहने पर टीम भेजकर संबंधित कर्मी के संपर्क में आए कर्मियों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं।
खासमऊ पहुंचे नोडल अफसर
फतेहपुर। नोडल अफसर नरेंद्र प्रसाद पांडेय ने शुक्रवार को आश्रम पद्वति विद्यालय खासमऊ का दौरा करके वहां की सेवाओं का जायजा लिया। एलवन कोडिव हास्प्टिल के प्रभारी डॉ. अनुपम सिंह से साफ सफाई पर जोर दिया। साथ ही व्यवस्थाओं को सराहा।
25 से बंद है दक्षिण गौतम नगर की आवाजाही
फतेहपुर। शहर के दक्षिण गौतम नगर में कोरोना संक्रमित मिले करीब 25 दिन हो गए लेकिन अभी तक यहां से बैरीकेडिंग नहीं हटी है। कई बार इस बारे में अवगत कराने के बाद भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। बैरीकेडिंग वाली जगह की दुकानें भी खुल रही हैं और पैदल राहगीरों का आना जाना भी शुरू हो गया है।
.................................
फोटो- 39- पत्थरकटा चौराहा में की गई बैरीकेडिंग के बावजूद बाइक झुका कर निकलने की जद्दोजहद करता युवक।
अब कंटेनमेंट जोन बना पत्थरकटा इलाका
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। स्टेट बैंक की सिविल लाइन शाखा के एक कर्मी के शुक्रवार को कोरोना संक्रमित निकलने के बाद पत्थरकटा चौराहा इलाके को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया गया।
शहर के आवास विकास कालोनी, विष्णुुपुरी कालोनी, लोधीगंज, मसवानील, सिविल लाइंस, विद्यार्थी चौराहा, सुंदरनगर कालोनी, जोशियाना, दक्षिणी गौतम नगर, नासिरपीर, चौक, कटरा अब्दुलगनी के बाद शुक्रवार को पत्थरकटा चौराहे को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। यह बात अलग है कि अन्य कंटेनमेंट जोन की तरह यहां की गई बैरीकेडिंग से सामाजिक दूरी बरकरार रखने की बात बेमानी दिखाई दी। लोग बल्लियों के नीचे से निकलते और स्कूटर, मोटरसाइकिल निकालते दिखे। और तो और रोज की तरह यहां दुकानें भी खुली रहीं। पुलिस नरमी दिखाती रही। उधर, शुक्रवार को पक्का तालाब, बाकरगंज, ज्वालागंज और राधानगर चौराहे पर भी बैरीकेडिंग की गई है।
------------------
फोटो- 40- खागा एसडीएम से मिलकर कंटेनमेंट जोन के मसले पर बात करते व्यापारी नेता।
कंटेनमेंट जोन खत्म करने को एसडीएम से गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
खागा। नगर के चौक चौराहे से लेकर बस स्टाप तक बने कंटेनमेंट जोन को समाप्त करने के लिए व्यापारियों ने एसडीएम से मुलाकात की। एसडीएम ने हाल ही में सामने आए मरीज के क्वारंटीन समय को देखकर विचार करने का आश्वासन दिया है।
बता दें कि चौक चौराहे से लेकर बस अड्डे तक का इलाका 25 जून से बंद है। इसके साथ ही सराफा मार्केट, लोहाई मार्केट, सुपर मार्केट, चूड़ी वाली गली जैसे बाजार पूरी तरह से बंद हैं। इस दायरे में अब तक करीब आठ मरीज सामने आए हैं जो अलग-अलग तारीख पर अस्पताल गए हैं। व्यापारी नेता प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में व्यापारियों ने शुक्रवार को एसडीएम से इस संबंध में बात की और दुकानें खुलवाने की मांग की। एसडीएम ने कहा कि यह इलाका बेहद ही व्यस्त रहता है। अभी तक मरीज वापस नहीं आए है और न ही कंटेनमेंट जोन की अवधि पूरी हुई है। भरोसा दिया कि सोमवार के बाद इस पर विचार किया जाएगा। कहा कि व्यापारियों की मांग पर दो बैरीकेड हटाकर पुलिस बैरियर रखा गया है। इससे इमरजेंसी में उसे हटाकर लोग राशन, दवा आदि के लिए निकल सके। इस मौके पर सुभाष केसरवानी, ज्ञानेंद्र गुप्ता, नीरज केसरवानी, सुनील गुप्ता, सुशील गांधी आदि मौजूद रहे।