बिंदकी। बिजली, पानी, खराब पड़े नलकूपों, खाद किल्लत समेत अन्य समस्याओं को लेकर किसानों ने महापंचायत में बेमियादी धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया। मलवां विकास खंड के गांव जाफराबाद में आयोजित पंचायत में किसान नेताओं ने कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं का समाधान कराए जाने का आश्वासन नहीं देते, धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भाकियू नेता सीताराम की अध्यक्षता में लगी पंचायत पर दर्जनों गांव के सैकड़ों किसानों का हुजूम उमड़ा।
इन किसानों ने कहा कि तहसील बिंदकी के सभी थाना क्षेत्रों में अपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। लूटपाट, छेड़छाड़, चोरी आदि संगीन घटनाओं की रिपोर्ट तक पुलिस दर्ज नहीं करती है।
वहीं सार्वजनिक वितरण प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार ने अब तक के सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। पूर्ति विभाग के अधिकारियों की साठगांठ पर कोटेदार राशनकार्ड धारकों को खाद्यान्न व मिट्टी का तेल मुहैया न कराके कालाबाजारी कर रहे हैं।
चारों विकास खंडों के भ्रष्टाचार का आलम यह है कि बगैर सुविधा शुल्क के पात्रों को आवास, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन अन्य योजनाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है।
भाकियू नेताओं ने कहा कि सबसे बुरा हाल किसानों का है। गेहूं की सिंचाई का समय होेने पर नहरों में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है, सरकारी नलकूप अधिकांश खराब पडे़ हैं।
किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। उन्हें मिलावटी खाद कालाबाजारी करने वालों से खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इन समस्याओं का समाधान कराने में शासन व प्रशासन नाकाम है।
इस मौके पर अशोक उत्तम, रामसहांय पटेल, धर्मपाल सिंह, सूखीराम, राजेंद्र सिंह, वक्रिम चंद्र त्रिपाठी, सुभाष निषाद आदि ने आर पार की लड़ाई लड़ने, चक्का जाम करने का ऐलान किया।