फतेहपुर। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक हुई। अध्यक्षता डीएम निधि गुप्ता वत्स ने की। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उपायुक्त राज्य कर को व्यापारियों के हित में सरकार की ओर से संचालित नीतियों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए, ताकि जानकारी के अभाव में व्यापारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें। हरिहरगंज पुल के नीचे बनाए जा रहे वेंडिंग जोन में गतिरोध की शिकायत पर डीएम ने समिति को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
ज्वालागंज से शांतिनगर तक जाम की समस्या के समाधान के लिए एआरएम, एआरटीओ और ईओ को आपसी समन्वय से कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। नगर पालिका ईओ को चौक बाजार और पत्थरकटा में पार्किंग व्यवस्था क्रियाशील कराने को कहा गया। बैठक में उपायुक्त उद्योग, राज्य कर अधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।