जाफरगंज। थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार मर्सिडीज कार की टक्कर से मासूम घायल हो गई। हादसे के बाद भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को भीड़ से बचाया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
देवरी चौकी अंतर्गत फिरोजपुर निवासी मनोज कुमार की बेटी लाडो (7) घर के सामने सड़क किनारे खेल रही थी। तभी डिघरुवा की ओर से रायपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार मर्सिडीज ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। ग्रामीणों ने बाइकों से पीछा कर पपरेंदा गांव के पास खाद के गड्ढे के किनारे कार रुकवाई।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर बाइक से गांव लाया। यहां भीड़ ने उसकी पिटाई की। पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ से छुड़ाया। थानाध्यक्ष धनंजय सरोज ने बताया कि पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजू शुक्ला निवासी थरियांव बताया है। वह दिल्ली से प्रयागराज जाते समय रास्ता भटकने की बात कह रहा है। मामले की जांच की जा रही है।