फतेहपुर। शहर के महारथी मोहल्ले व जुड़े इलाकों में गुरुवार रात बारिश के दौरान बिजली गिर गई। बिजली गिरने से परिवार के लोगों की कुछ सेकेंड के लिए सांसे थम गईं। घरों से धू-धूकर उपकरण फुंकने लगे। घरों के चालू उपकरण आंखों के सामने जलने से अचानक लोग हैरत में पड़ गए।
बारिश के दौरान बिजली गिरने का असर चंदियांना, महारथी और महादेवन टोला माेहल्ले में हुआ। महारथी में वकील अंशू मिश्रा की छत पर बिजली गिरी। उनकी छत में सुराख हो गया और दीवार दरक गई। घर में टीवी, फ्रिज, कूलर, इन्वर्टर और तीन पंखे जल गए। इनके पड़ोसी विजय उर्फ अच्चू गुप्ता के घर में दो इन्वर्टर, टीवी, चार पंखा समेत अन्य उपकरण जल गए।
यहीं पड़ोस में संचालित स्कूल के कई पंखे समेत काफी संख्या में उपकरण जल गए। स्कूल संचालक कुलदीप श्रीवास्तव नजदीक में रहते हैं। उनके सामने ही टीवी में धमाका हुआ। धमाके से उनके होश उड़ गए। संचालक के घर का इन्वर्टर, फ्रिज, ट्यूब लाइट समेत अन्य उपकरण फुंके। इसके अलावा चंदियाना, महादेवन टोला व बाकरगंज में कुछ घरों के उपकरण जले हैं।
महारथी मोहल्ले के अतुल श्रीवास्तव के घर का इन्वर्टर, कूलर, पंखा समेत सभी बिजली उपकरण जल गए। उनके घर की वायरिंग भी जल गई। अचानक बिजली के तार जलने से घर के लोग घबरा गए और खुले में निकल आए।