जाफरगंज। खजुहा-अमौली मार्ग पर देवरी चौकी क्षेत्र के पांडेयपुर मोड़ पर प्राइवेट बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी अमौली में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे को हैलट में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
लखनऊ के बेगमगंज निवासी अलोपी गौतम का बेटा जितेंद्र (18) अपने मित्र कानपुर नगर के बिधनू थानाक्षेत्र के गांव कठोई निवासी रामनाथ के बेटे गुलशन (28) के साथ बाइक से देवमई जा रहे थे। जाफरगंज क्षेत्र के पांडेयपुर मोड़ के समीप प्राइवेट बस ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची देवरी पुलिस उन्हें सीएससी अमौली ले गई, जहां से दोनों को कानपुर हैलट
रेफर कर दिया गया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में जितेंद्र गौतम की मौत हो गई। जबकि गुलशन का इलाज चल रहा है। बाइक गुलशन चला रहा था और हेलमेट लगाए था। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि अमौली से बिंदकी के बीच चलने वाली प्राइवेट बस की टक्कर से हादसा हुआ है। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग निकला है। बस और उसके चालक की पहचान की जा रही है। युवक की मौत हैलट में हुई है। पिता ने मंगलवार को तहरीर देने की बात कही है।