गाजीपुर। गाजीपुर थानाक्षेत्र में पत्नी की पिटाई से परेशान पति ने घर के अंदर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
थानाक्षेत्र के चुरियानी गांव निवासी पप्पू (35) मंगलवार शाम चार बजे घर की दूसरी मंजिल में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पिता सक्ठू रैदास ने बताया कि बहू पुष्पा से बेटे का अक्सर विवाद होता था। विवाद के दौरान बहू ने कई बार बेटे के साथ मारपीट की। इस दौरान मोहल्ले वालों ने कई बार बीच-बचाव भी किया था।
पिता ने बताया कि पिछले तीन दिनों से पति और पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह पत्नी ने पप्पू को पीटा था। इसी से आहत होकर उसने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बेटे के दो पुत्र और एक पुत्री है। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के चलते युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।