किशनपुर। जिला पंचायत वार्ड रायपुर भसरौल के प्रत्याशियों ने ब्लाक प्रशासन पर मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगा मतगणना स्थल पर धरना दिया।
मंगलवार को दोपहर बाद अचानक रायपुर भसरौल से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी अनिल गौतम, विकास राव सहित एक अन्य अपने समर्थकों के साथ मतगणना स्थल के बाहर पहुंचे और ब्लाक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर एसओ किशनपुर पंधारी सरोज पहुंचे और सभी को शांत कराया। प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि ब्लाक प्रशासन द्वारा सियासी दबाव के चलते मतगणना में सबसे पीछे चल रहे व्यक्ति को जीत दिलाने का काम किया गया है। एसओ ने मामले की शिकायत जिला मजिस्ट्रेट आफिस में करने की बात कहकर शांत कराया। दो घंटे तक नारेबाजी करने के बाद सभी लोग फतेहपुर के लिए रवाना हो गए।
मढ़ौली ग्राम सभा में दोबारा वोटिंग की मांग, नारेबाजी
विजयीपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत मढ़ौली के परिणाम को लेकर जितेंद्र सिंह, गऊलाल सहित कई लोगों ने मतगणना स्थल के बाहर जमा होकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि ब्लाक प्रशासन द्वारा यहां से एक प्रत्याशी को जीत दिलाने का ठेका लिया गया था और इसी के तहत मतगणना में गड़बड़ी कराई और इसका वीडियो भी वायरल हो चुका है। उन्होंने कहा कि मड़ौली की गिनती जिस काउंटर पर हो रही थी, उसका बक्सा दूसरे काउंटर पर ले जाया गया और यहीं पर गड़बड़ी की गई। लोगों ने मड़ौली ग्राम पंचायत में दोबारा वोटिंग की मांग की। पुलिस ने उन्हें फतेहपुर शिकायत करने के लिए भेजा है।