फतेहपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बुधवार से राशन कार्ड पर अनाज का वितरण शुरू होने जा रहा है। हालांकि पहले दिन सिर्फ 529 सार्वजनिक वितरण प्रणाली की उचित दर दुकानों पर ही गेहूं और चावल का वितरण होगा। वजह, पंचायत चुनाव की वजह से आधे से ज्यादा उचित दर विक्रेताओं का खाद्यान्न वितरण प्रभावित है। ऐसे में इन उचित दर विक्रेताओं से जुड़े कार्ड धारकों को अभी इंतजार करना होगा।
जिले में 36789 अंत्योदय और 462558 पात्र गृहस्थी के कार्ड बने हैं। पात्र गृहस्थी के कार्ड पर प्रति यूनिट 3 किलो चावल और 2 किलो गेहूं व अंत्योदय कार्ड पर 35 किलो अनाज दिया जाता है। अनाज का वितरण 1106 उचित दर विक्रेताओं के जरिए होता है। 26 अप्रैल को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और फिर 2 मई को मतगणना के चलते नियमित अनाज का उठान मंगलवार तक पूरी तरह नहीं हो सका। महज 529 उचित दर विक्रेता ही अनाज की उठान कर सके हैं। ऐसे में बुधवार से शुरू होने वाले अनाज का वितरण फिलहाल 570 सार्वजनिक वितरण प्रणाली की उचित दर की दुकानों में नहीं हो सकेगा।
15 घंटे खुला रहेगा कोटा
फतेहपुर। नियमित खाद्यान्न वितरण का काम सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक चलेगा। 15 घंटे तक राशन कार्ड धारक दुकान पर सरकारी दर पर गेहूं और राशन खरीद सकेगा। उचित दर विक्रेता, कोविड-19 गाइडलाइन के तहत सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सैनिटाइजर, साबुन और पानी की उपलब्धता रखेंगे।
खाद्यान्न उठान के दूसरे दिन से वितरण के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत चुनाव की वजह से दिक्कतें आई हैं। शेष 570 उचित दर विक्रेता भी उठान करा रहे हैं। दो-तीन दिन में शत प्रतिशत उठान कराने का प्रयास किया जा रहा है। हरेक राशन कार्ड धारक को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।
- अंजनी कुमार सिंह, डीएसओ