कस्बे के मानू का पुरवा मोहल्ले में बुधवार को एचटी लाइन की चपेट में आकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने हाइटेंशन लाइन हटाने व मुआवजे की मांग को लेकर जीटी रोड बाजार चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची थाना पुलिस से भी आक्रोशित लोगों की तकरार हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीण अड़े रहे। करीब दो घंटे बाद एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंचे। मुआवजे के आश्वासन पर जाम खुला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जाम खुलवाया।
मोहल्ले के स्वर्गीय गंगादीन का पुत्र कमलेश (25) सुबह करीब आठ बजे सरिया से घर के सामने नाली की सफाई कर रहा था। सफाई के बाद जैसे ही सरिया उठाया, तभी वहां से गुजरी एचटी लाइन के तारों से सरिया टकरा गई। सरिया में करंट उतर गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्लेवासियों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश पैदा हो गया। थोड़ी देर बाद मोहल्ले के सभी लोग और परिजनों के साथ शव चौक बाजार में रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम बलराम सिंह, सीओ निवेष कटियार, तहसीलदार सुरेंद्रपाल विश्वकर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की वार्ता के बाद जाम हटा। एसडीएम बलराम सिंह ने बताया कि बीस हजार रुपये तत्काल बिजली विभाग की ओर से दिए गए हैं। बाकी अन्य देय धनराशि नियमानुसार दी जाएगी। घटना से कमलेश का परिवार अनाथ हो गया। छोटे-छोटे दो पुत्र और दो पुत्रियाें की परवरिश का जिम्मा पत्नी फूलमती के पर आ गया। मृतक की सात वर्षीय पुत्री राधिका, पांच वर्षीय पुत्र बलराम, तीन वर्षीय पुत्र कृष्णा और डेढ़ वर्षीय दूध पीती पुत्री काजल है।