फोटो-40-फतेहपुर: बिंदकी क्षेत्र के छीछा गांव में आग लगने के बाद जला पड़ा सामान। संवाद
बिंदकी। कोतवाली क्षेत्र के छीछा गांव में शुक्रवार को एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। हादसे में बहन की शादी के लिए रखे 85 हजार रुपये नकद समेत करीब दो लाख रुपये की गृहस्थी जलकर राख हो गई। घर में तीन दिसंबर को शादी होनी है। ऐसे में आग की घटना से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
छीछा गांव निवासी अतुल सिंह चौहान के घर से शुक्रवार को अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं। यह देखकर परिजन में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की चपेट में आकर घर में रखे 85 हजार रुपये नकद, कपड़े, गद्दे, बेड समेत अन्य सामान जल गया।
अतुल ने बताया कि तीन दिसंबर को उसकी बहन की शादी होनी है। शादी की तैयारियों के लिए नकदी घर में रखी थी, जो आग में जलकर राख हो गई। घटना की सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है।
फोटो-40-फतेहपुर: बिंदकी क्षेत्र के छीछा गांव में आग लगने के बाद जला पड़ा सामान। संवाद