फतेहपुर। विवादित जमीन पर कब्जे के लिए भूमाफिया ने शनिवार रात 20 प्लाटों की जेसीबी और डंपर लगाकर बाउंड्री ढहा दी। हाईवे निर्माण संस्था पीएनसी के ठेकेदार समेत दो लोगों को बंधक बनाकर असलहों से पीटा और तीन प्रतिष्ठानों की दीवार तोड़कर सामान लूट ले गए। प्लाट मालिकों ने दोपहर बाद कोतवाली में तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चकबिसौली रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने देवीगंज निवासी मुकेश सिंह चौहान का होटल है। उनसे पड़ोस में रामआसरे, सुनील पटेल, बृजेश पटेल, शिवचरण पटेल, ओम प्रकाश, रामाधीन, राममनोहर, बुद्घीलाल, ओमदत्त साहू, बबलू, सचिन समेत 20 लोगों के प्लाट और प्रतिष्ठान बने हैं।
इन दिनों हाईवे निर्माण का काम चालू है। नाला निर्माण होने की वजह से होटल बंद है। ट्रक बॉडी गैराज में शनिवार रात को बुद्घीलाल का भाई नरेश और पीएनसी कंपनी का ठेकेदार बिहार निवासी मुकेश कुमार सोये थे।
मुकेश कुमार ने बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे पीछे के खेत और हाईवे से करीब 50-60 लोग वाहनों से आए। उनके साथ एक जेसीबी, 3 डंपर थे। ये जेसीबी प्लाटों की बाउंड्री ढहाने लगी।
शोर सुनकर वह पहुंचा, तो असलहाधारियों ने उसे पीटा। मना करने पर नरेश को भी पीटा। जेसीबी से काफी मलबा डंपर में भराकर ले गए। शोर सुनकर बंद होटल के अंदर सो रहे बबलू की नींद खुली।
उसने 112 नंबर पर सूचना दी। मुकेश ने बताया कि असलहाधारी 6 क्विंटल सरिया, जनरेटर, ग्राइंडर, कटर मशीन आदि सामान डंपर में लदवा ले गए हैं।
ऑटो पाटर्स दुकानदार सचिन ने बताया कि उसकी दुकान की बाउंड्री तोड़कर 30 हजार नगदी, लैपटाप समेत अन्य सामान लूट ले गए। होटल संचालक ने बताया कि माइक्रोवेव, एलईडी, तीन कामर्शियल सिलिंडर, कॉफी मशीन समेत अन्य सामान दीवार तोड़कर घुसे लोग लूट ले गए हैं। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मौके की जांच की गई है। घटना बाउंड्री ढहाने की है। लूटपाट के आरोप की जांच की जा रही है।
प्लाटों की ढहाई गई बाउंड्री- फोटो : FATEHPUR
नारंगी अंगौछे में लेबर ठेकेदार मुकेश कुमार व ट्रक बॉडी वर्कशॉप का कर्मी नरेश- फोटो : FATEHPUR