फतेहपुर। गोकशी की फिराक में घूम रहे हिस्ट्रीशीटर को गुरुवार भोर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी है। उसका साथी भाग निकला है।हिस्ट्रीशीटर को इलाज के बाद जेल भेज दिया गया है। घटना गाजीपुर थाना क्षेत्र की है।
एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि गाजीपुर व ललौली की पुलिस की संयुक्त टीम को खबर मिली कि औगासी रोड महुआ की बगिया में कुछ लोग गोकशी करने वाले हैं। इस पर टीम देवलान गांव पहुंची और आरोपियों की घेराबंदी की। इस पर दोनों ओर से फायरिंग होने लगी। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर हसीन निवासी कसौड़ा सातआना थाना ललौली के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली जा लगी।
उसका साथी गुलाम हैदर उर्फ मुन्ना पुत्र निवासी शेखान मोहल्ला थाना ललौली मौके से भाग निकला। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी ललौली थाने के हिस्ट्रशीटर हैं। आरोपी के पास तमंचा, कारतूस व धारदार हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक हसीन के खिलाफ 2019 में गैंगस्टर का भी मुकदमा दर्ज है।